दैनिक भास्कर में 1 अक्टूबर को प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। खबर प्रकाशित होने के बाद आरके जिला अस्पताल प्रशासन तुरंत हरकत में आया और बंद पड़ी सीटी स्कैन मशीन को ठीक करवाकर वापस चालू करवा दिया है। सीटी स्कैन इंचार्ज संतोषकुमार नायक ने बताया कि मशीन चालू कर सामान्य मरीजों के सीटी स्कैन करने का काम भी शुरू कर दिया है। इससे अस्पताल में आने वाले आम मरीजों और उनके परिजनों को अब निजी सेंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पीएमओ डॉ. रमेश रजक ने मशीन संचालक को सख्त निर्देश देकर पाबंद किया है कि सामान्य मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो और उनके सीटी स्कैन भी नियमित रूप से किए जाएं। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत लिया संज्ञान, सामान्य मरीजों की जांच शुरू : एक अक्टूबर को खबर सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया। सीटी स्कैन इंचार्ज संतोषकुमार नायक ने बताया कि तकनीकी खराबी दूर कर मशीन को चालू कर दिया गया है। अब ट्रॉमा सेंटर के साथ-साथ सामान्य वार्डों और ओपीडी में आने वाले सामान्य मरीजों के भी सीटी स्कैन किए जा रहे हैं। इस कदम से मरीजों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि इससे पहले उन्हें जांच के लिए निजी केंद्रों पर जाकर अधिक रुपये खर्च करने पड़ रहे थे। संचालक को किया पाबंद, नियमित सीटी स्कैन के निर्देश दिए : मामले को लेकर अस्पताल के पीएमओ डॉ. रमेश रजक ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सीटी स्कैन मशीन का संचालन करने वाली फर्म और स्टाफ को पाबंद किया है कि किसी भी सामान्य मरीज को बिना जांच के वापस न लौटाया जाए। पीएमओ ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल में आने वाले सभी पात्र मरीजों को बिना किसी रुकावट के सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।