बारां के दांता स्थित गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत केलवाड़ा थाने का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ व्याख्याता पाचूलाल मेहता, दिनेश मीणा, मुकेश गुर्जर और गोबरी लाल भी मौजूद रहे। थाना अधिकारी नरेंद्र सिंह राजावत ने विद्यार्थियों को थाने की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने कानून की विभिन्न धाराओं, प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया और मालखाना की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। राजावत ने विभिन्न मामलों में पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई भी समझाई। विद्यार्थियों ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और पुलिस के दैनिक कार्यों व रिकॉर्ड संधारण की प्रक्रिया को जाना। इस दौरान थाना अधिकारी ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से कानून व्यवस्था से जुड़े कई सवाल पूछे। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानून, सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता लाना था।