भास्कर न्यूज| छीपाबड़ौद विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय केलखेड़ी की तरुण वर्ग की छात्राओं ने खेल कौशल का परिचय देते हुए भीलवाड़ा के शास्त्री नगर में आयोजित प्रांत स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर स्कूल एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शारीरिक प्रमुख जितेंद्र मालव ने बताया कि प्रतियोगिता में छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ दमदार प्रदर्शन किया। उनकी आक्रामकता, रणनीति, सामूहिक समन्वय और खेल भावना ने दर्शकों को प्रभावित किया। इस उपलब्धि का श्रेय कबड्डी प्रशिक्षक हंसराज बंजारा एवं अन्नू गुर्जर के कुशल प्रशिक्षण, अथक परिश्रम एवं मार्गदर्शन को दिया गया। प्रशिक्षकों ने छात्राओं को नियमित अभ्यास के साथ खेल में अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का महत्व समझाया। स्कूल परिवार ने कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बालिकाओं को भी खेलों के प्रति आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रेरित करेगी।