जयपुर में दौलतपुरा थाना पुलिस ने कलेक्शन एजेंट से 1.26 लाख रुपए की लूट के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 7,500-7,500 रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार आरोपी मनीष कुमावत उर्फ गुनू उर्फ चैला (18) और सागर सैनी उर्फ अनु उर्फ श्याला (20) हैं। दोनों दौलतपुरा थाना क्षेत्र के खोरा श्यामदास के बदनपुरा स्थित डूंगरी की ढाणी के निवासी हैं। पुलिस आरोपियों से लूटी गई रकम, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कलेक्शन के 1.26 लाख रुपए लेकर जा रहा था एजेंट डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- परिवादी नाथूराम बागड़ी ने 3 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी नाबार्ड बैंक की सहायक कंपनी नफिन्स लिमिटेड के महिला समूह ऋण (JLG) की किस्तों का कलेक्शन करता है। पीड़ित खोरा श्यामदास से 1 लाख 26 हजार रुपए की कलेक्शन बैग में रखकर मोटरसाइकिल से बदनपुरा की ओर दूसरे सेंटर जा रहा था। रास्ते में पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने परिवादी की बाइक के बराबर आकर टंकी पर पैरों के बीच रखा बैग जबरन छीन लिया और फरार हो गए। परिवादी ने आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए। शिकायत के अनुसार- बाइक चला रहे युवक ने हल्की सफेद शर्ट और जींस पहन रखी थी, जबकि पीछे बैठे युवक ने चेहरे पर रूमाल बांध रखा था। 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के करीब 100 CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो युवक मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। रूट मैप तैयार कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल के आधार पर रूट मैप तैयार किया और करीब 100 CCTV कैमरों की जांच की। इसके बाद दोनों युवकों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक- पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। लूटी गई रकम और अन्य वारदातों की जांच जारी पुलिस अब आरोपियों से लूटी गई रकम की बरामदगी, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य संभावित लूट की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।