दौसा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समथर्सन में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। निर्वाचन आयोग तक नहीं जाने देने और हिरासत में लिए जाने के विरोध में निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष रामजीलाल ओढ़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रैली नेहरू गार्डन से शुरू हुई और गांधी सर्किल तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गांधी सर्किल पहुंचने के बाद केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारे लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। सांसद बोले- विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं सांसद मुरारीलाल मीणा ने प्रदर्शन को ‘काला दिवस’ बताते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर अपनी आवाज लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। CEC के इस्तीफे की मांग पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि चुनाव आयोग की संदिग्ध कार्यप्रणाली, लोकतंत्र का गला घोंटने की साजिश और विपक्षी नेताओं पर हुए कायराना हमले के विरोध में कांग्रेस परिवार पूरी मजबूती के साथ सड़क पर उतरा है। दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा ने कहा कि उनकी स्पष्ट मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से तत्काल इस्तीफा दें और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा- लड़ाई जारी रहेगी पूर्व विधायक जीआर खटाना और ओमप्रकाश हुड़ला ने कहा - जब तक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था बहाल नहीं होती, कांग्रेस की यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। विरोध मार्च में नगर परिषद सभापति रेखा गुर्जर, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव करतार माल, रतन पटेल, मक्खन डोई, प्रहलाद धवन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।