दौसा नगर निकाय चुनाव के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस-प्रशासन तैयार है। पहले चरण में 9 सितम्बर को बांदीकुई, बसवा, भांडारेज, सिकराय, महवा और मंडावर नगर पालिका क्षेत्रों में होने वाले चुनाव में 1500 पुलिसकर्मी, आरएसी-होमगार्ड का जाब्ता तैनात रहेगा। साथ ही 40 पुलिस मोबाइल पार्टियां बनाई गई हैं। पहले चरण के चुनाव के लिए मोबाइल पार्टियां संबंधित नगर निकाय क्षेत्रों में पहुंच गई हैं। 157 बूथ क्रिटिकल जिले में 11 नगर निकायों में कुल 362 मतदान बूथ रहेंगे। इनमें 157 क्रिटिकल बूथ हैं। दौसा में 38, महवा में 17, लालसोट में 16, बांदीकुई, मंडावर में 15-15, सिकराय में 13, रामगढ़ पचवारा, भांडारेज में 12-12, मंडावरी में 7, बसवा, लवाण में 6-6 क्रिटिकल बूथ हैं। पहले चरण के चुनाव के लिए 1500 पुलिसकर्मी, आरएसी, होमगार्ड तैनात रहेंगे। इनमें आरएसी की दो कंपनियां भी शामिल हैं। पुलिस मोबाइल पार्टियों के अलावा सुपरवाइजर अधिकारी भी रहेंगे। इंस्पेक्टर, आरपीएस अधिकारियों को सुपरवाइजर अधिकारी लगाया गया है। क्रिटिकल मतदान भवनों के लिए 1 अधिकारी, 4 जवानों का जाब्ता तैनात किया जाएगा। हर बूथ पर एक कॉन्स्टेबल, एक होमगार्ड रहेगा। एसपी बोले- भयमुक्त चुनाव कराना प्राथमिकता एसपी पीयूष दीक्षित ने पुलिस मोबाइल पार्टियों, सुपरवाइजर अधिकारियों की ब्रीफिंग के दौरान कहा कि मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, भयमुक्त वातावरण में कराना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए।