दौसा नगर परिषद में सभापति की कुर्सी के लिए भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। नामांकन के अंतिम दिन दोनों दलों ने ओबीसी महिला सीट पर गुर्जर समाज की पार्षदों को अपना प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने वार्ड 6 की कविता गुर्जर और कांग्रेस ने वार्ड 54 की रेखा गुर्जर को मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा की ही पार्षद राधा जायसवाल के सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचने से पार्टी में बगावत के हालात बन गए हैं। भाजपा में बगावत नगर परिषद के वार्ड 15 से भाजपा की पार्षद चुनी गईं राधा जायसवाल भी सभापति पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचीं। राधा जायसवाल के पति राजकुमार जायसवाल दो बार नगर परिषद अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा ने पहले ही वार्ड 6 की पार्षद कविता गुर्जर को सभापति पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया था और उन्होंने नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया। ऐसे में भाजपा की ही दूसरी पार्षद राधा जायसवाल के नामांकन दाखिल करने से सभापति पद का मुकाबला और रोचक हो गया है। 55 सदस्यीय नगर परिषद में कांग्रेस के 24, भाजपा के 17 और 14 निर्दलीय पार्षद हैं। ऐसे में किसी भी दल के पास अपने दम पर बहुमत नहीं है और दोनों दल बहुमत के लिए निर्दलीय पार्षदों के समर्थन पर निर्भर हैं। भाजपा से कविता और कांग्रेस से रेखा ने भरा नामांकन दौसा नगर परिषद में भाजपा से कविता गुर्जर और कांग्रेस से रेखा गुर्जर ने एसडीएम संजू मीणा के सामने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान रेखा गुर्जर के साथ पार्षद आशीष शर्मा प्रस्तावक बने। वहीं एडवोकेट जगजीवनराम बैरवा, सुरेश गुर्जर, राजेन्द्र गुर्जर और रणवीर पांचोली समेत कई नेता मौजूद रहे। वहीं कविता गुर्जर के साथ भाजपा पार्षद इंद्र कुमार मीणा और निर्दलीय पार्षद सन्नी खान प्रस्तावक बने।