दौसा जिले में बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने दो दिवसीय ‘एरिया डोमिनेशन अभियान’ चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर में पुलिस की 72 टीमों ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने 358 स्थानों पर दबिश देकर कुल 154 अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं, आबकारी और अन्य अधिनियमों के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए गए। एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया- अभियान में 307 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वांछित अपराधियों की धरपकड़ की। इन अपराधियों पर रहा फोकस अभियान के दौरान उद्घोषित अपराधी, स्थाई वारंटी, फरार एवं इनामी अपराधी, हार्डकोर अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, आदतन अपराधी और विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ की गई। इसके अलावा मादक पदार्थों, अवैध हथियार और अवैध शराब की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आपराधिक ठिकानों की सघन तलाशी लेकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक गतिविधियों और संभावित योजनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। अपराध पर अंकुश और आमजन में विश्वास कायम करना उद्देश्य एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया- अभियान का उद्देश्य जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास कायम करना तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान गैंगवार, अवैध हथियार, अवैध शराब और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट एवं अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।