दौसा जिले की सिकंदरा थाना पुलिस ने बकरी चोरी के मामले का 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बकरी चोर पिकअप ड्राइवर निकला। पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के चन्दवाजी से पकड़ा। आरोपी की पिकअप से चोरी की गई 24 बकरियां बरामद हो गई। इसके बाद पिकअप को भी जब्त कर लिया गया। बकरियों की कीमत करीब 4 लाख रुपए है। यह था मामला पुलिस के अनुसार- रविवार 27 सितंबर को यूपी के बिजनौर के मुबारकपुरा गांव के रहने वाले मोईनुद्दीन ने सिकंदरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मोईनुद्दीन ने बताया- मैं अपने साथी इब्राहिम के साथ अजमेर से करीब चार लाख रुपये की 24 बकरियां खरीदकर लाया था। हम पिकअप में बकरियां लेकर यूपी जा रहे थे। सिकंदरा इलाके के दुब्बी कैलाई स्थित NH-21 पर पहुंचने के दौरान ड्राइवर निक्की रेबारी ने नींद आने की बात कही। उसने गाड़ी रोक दी। इसके बाद मैं और इब्राहिम गाड़ी से उतर गए। मौका पाकर ड्राइवर निक्की बकरियों से भरी पिकअप लेकर फरार हो गया। 3 टीमों का गठन किया एसपी पीयूष दीक्षित ने निर्देश पर थाना इंचार्ज के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने करीब 150 किलोमीटर तक आरोपी का पीछा किया और चन्दवाजी, जयपुर ग्रामीण से निक्की निवासी माचड़ी अकबरपुर अलवर को गिरफ्तार कर लिया।