दौसा जिले के नगरीय निकायों में सेवा सेतु अभियान के तहत 16 अक्टूबर तक विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। जिसमें आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ एक ही जगह पर उपलब्ध किए जाएंगे और उनकी समस्याओं के तुरंत समाधान भी मिलेंगे। आयुक्त हंसा मीणा ने बताया- परिषद में 16 अक्टूबर तक आयोजित शिविरों में शहर के सभी वार्डों से संबंधित मामले लिए जा रहे हैं। अभियान के पहले दिन 445 जन्म प्रमाण पत्र, 7 मूल निवास प्रमाण पत्र, 2 पीएम स्वनिधि ऋण वितरण और 3 पीएम आवास योजना की किस्त जारी की गई। इसके अलावा 36 रोड और स्ट्रीट लाइट संबंधी कार्यों के साथ सड़क मरम्मत सहित अन्य कार्य भी किए गए। ये काम भी किए जा रहे हैं शिविरों में स्टेट ग्रांट, 69-ए एवं कृषि भूमि के पट्टे, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर से संबंधित कार्य, उप-विभाजन और एकीकरण जैसे मामलों का निस्तारण किया जा रहा है। वहीं, साफ-सफाई, सड़क और नाली की सफाई, कचरा संग्रहण से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है। UIT में भी सेवा सेतु शिविर नगर विकास न्यास दौसा-बांदीकुई ऑफिस में भी 16 अक्टूबर तक सेवा सेतु अभियान के तहत विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। न्यास सचिव गंगाधर मीणा ने बताया- शिविरों में शहरी नागरिकों को मिलने वाली कई सेवाओं का तुरंत समाधान करने के साथ जनसमस्याओं के समाधान और शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने से संबंधित काम किए जा रहे हैं।