दौसा जिले के सिकराय में क्रय-विक्रय सहकारी समिति पर गुरुवार को डीएपी खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए। खाद वितरण के दौरान समिति परिसर में किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसानों ने धूप में लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। बीते दिन समिति पर करीब 600 बैग DAP खाद की खेप पहुंची थी, जिसके बाद किसानों को खाद का वितरण किया जा रहा है। भीड़ के बीच बुजुर्ग किसानों और महिलाओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों का कहना है कि रबी सीजन की तैयारियों के बीच खाद की मांग बढ़ गई है, ऐसे में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।