दौसा जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए चुनाव से पहले की तैयारी पर फोकस किया जा रहा है। पूर्व के चुनाव के एक्सपीरियंस और संवेदनशील बूथों की स्टडी की जा रही है। उन्होंने कहा- ऐसे नए बूथ जहां गड़बड़ी हो सकती है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहां बदमाश और उपद्रवी तत्वों को पाबंद करने के अलावा फ्लैग मार्च के माध्यम से सख्ती का संदेश देंगे। एसपी ने कहा कि जिले में अवैध नशा तस्करी व साइबर क्राइम पर अंकुश लगे इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। वहीं किसी भी संगठित अपराध को रोकने के लिए आसूचना संकलन सबसे महत्वपूर्ण काम होता है। यह सब करते हुए प्रभावी कार्रवाई करने का प्रयास करेंगे। सड़क सुरक्षा पर काम करेंगे वहीं नेशनल हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते सड़क हादसों की रोकथाम और रोड सेफ्टी के सवाल पर कहा कि इसे लेकर संबंधित विभागों से चर्चा करते हुए हॉटस्पॉट और क्रिटिकल जोन में सुधार करवाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस को भी मुस्तैद किया जाएगा।