डीग के बेढ़म गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से परेशान 25 साल का युवक बुधवार को टावर पर चढ़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि अगर गांव में नेटवर्क की समस्या जल्द ठीक नहीं हुई तो वह टावर से कूदकर आत्महत्या कर लेगा। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया। एक महीने से नेटवर्क की परेशानी बेढ़म निवासी युवक पुष्कर का कहना है कि गांव में करीब एक महीने से मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। नेटवर्क नहीं मिलने से मोबाइल कॉल, इंटरनेट और दूसरे ऑनलाइन काम प्रभावित हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। समस्या से नाराज होकर टावर पर चढ़ा पुष्कर ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर नाराजगी जताते हुए बुधवार को टावर पर चढ़ने का फैसला किया। उसने कहा कि मोबाइल कंपनियां ग्राहकों से महंगे रिचार्ज ले रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहतर नेटवर्क सुविधा नहीं मिल रही। युवक ने नेटवर्क की समस्या के लिए संबंधित संचालकों को जिम्मेदार बताया और समस्या दूर नहीं होने पर टावर से कूदने की चेतावनी दी। पुलिस ने संभाला मोर्चा युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। पुलिस का प्रयास है कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जाए और किसी तरह की अनहोनी को रोका जा सके। एसपी बोले- जल्द सुरक्षित नीचे उतारेंगे जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि एक युवक टावर की खराबी और नेटवर्क की समस्या के कारण टावर पर चढ़ा है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस को मौके पर भेजा गया है। पुलिस युवक को समझा रही है और जल्द ही उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया जाएगा।