डीग नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को सीकरी, पहाड़ी और कामां नगर पालिका क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर मयंक मनीष और जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के साथ मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की। सीकरी के 11 बूथों पर व्यवस्थाएं जांचीं कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सीकरी में शहीद पवन दहिया उच्च माध्यमिक स्कूल के 6 मतदान केंद्रों, महात्मा गांधी राजकीय स्कूल के 4 केंद्रों और सरस्वती उच्च माध्यमिक स्कूल के 1 मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यहां मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पहाड़ी में बूथों पर लिया जायजा इसके बाद अधिकारियों ने पहाड़ी के केसरी सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में बनाए गए 6 मतदान केंद्रों और महमदपुर के एक पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। इस दौरान मतदान दलों से वोटिंग प्रक्रिया, ईवीएम के इस्तेमाल और मतदाताओं की कतार के संबंध में जानकारी ली गई। वोटरों की सुविधा पर भी नजर निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर बनाए गए वोटर हेल्पडेस्क, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, पीने के पानी, छाया और बैठने की व्यवस्था देखी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें और मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। 100-200 मीटर दायरे में सुरक्षा की जांच एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने मतदान केंद्रों के 100 और 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार गश्त करती रहीं। प्रशासन-पुलिस की लगातार निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने बताया कि सीकरी, पहाड़ी और कामां सहित संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से चल रही है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन व पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।