डीग जिले में साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत बृजनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और तीन लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं। इनमें दो बोलेरो और एक क्रेटा शामिल हैं। मुर्गों के मालिक बनकर डालते थे फर्जी विज्ञापन पुलिस के अनुसार, आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर मुर्गों के मालिक बनकर सस्ते दाम में अलग-अलग वैरायटी के मुर्गे बेचने की पोस्ट डालते थे। इसके अलावा व्हाट्सएप पर भी फर्जी विज्ञापन प्रसारित कर ग्राहकों को अपने जाल में फंसाते थे। ऑनलाइन पेमेंट कराते ही करते थे ठगी जब कोई व्यक्ति मुर्गे खरीदने में रुचि दिखाता था, तो आरोपी उससे सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए बातचीत करते थे। विश्वास में लेने के बाद उससे ऑनलाइन भुगतान करा लिया जाता था और फिर ठगी की जाती थी। इस तरह आरोपी सोशल मीडिया पर सस्ते मुर्गों का लालच देकर लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा डीग पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर बृजनगर थाना पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा। बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच की जा रही है। जगडका गांव के रहने वाले हैं ज्यादातर आरोपी गिरफ्तार आरोपियों में सपात खान (29), जलाउद्दीन खान (40), सपीक खान (19), फैशन खान (21), रिहान खान (20), नासिर (21), भुट्टु (35), शौकीन (37), रोबिन (32) और अजीज खान (18) शामिल हैं। इनमें से ज्यादातर आरोपी बृजनगर थाना क्षेत्र के जगडका गांव के रहने वाले हैं। वहीं रोबिन द्वारकापुर सुकैती का निवासी है। ठगी के पैसों से खरीदी गाड़ियों की जांच पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी से कमाए गए पैसों से खरीदी गई बताई जा रही दो बोलेरो और एक क्रेटा को भी जब्त किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि उनकी अन्य साइबर ठगी की वारदातों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।