डीग में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 51 किलो 120 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में गांजा ले जा रही 2 कारों को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार रविवार को गश्त और चेकिंग के दौरान डीएसटी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अमर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी। उन्हें बताया गया कि उत्तर प्रदेश के गोवर्धन की तरफ से दो गाड़ियां गांजा लेकर बहज होते हुए डीग आ रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसटी प्रभारी ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद संदिग्ध वाहनों को रोकने के लिए नाकाबंदी शुरू की गई। मालिपुरा मोड़ पर घेराबंदी कर पकड़ा पुलिस टीम ने बहज चौकी पर दोनों संदिग्ध वाहनों को रोकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवरों ने गाड़ियां नहीं रोकीं। आरोपियों ने पुलिस की बेरिकेडिंग तोड़ दी और डीग की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए मालिपुरा मोड़ पर घेराबंदी की। यहां थाना कोतवाली डीग पुलिस बल और डीएसटी टीम ने दोनों वाहनों को रोककर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।