डीग शहर के मेला मैदान में श्री जवाहर प्रदर्शनी एवं ब्रज यात्रा मेला शुरू हो गया है। बुधवार रात मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मेले का सबसे खास आकर्षण जलपरी का अनोखा कार्यक्रम रहा, जिसमें महिलाएं शीशे के खास टैंक में पानी के अंदर जलपरी की तरह तैरती नजर आईं। इसके अलावा मौत का कुआं, नाव वाले झूले, हवाई झूले और विभिन्न मनोरंजन के साधनों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। मेले में डीग के साथ आसपास के कस्बों और अन्य शहरों से भी लोग पहुंचे। शाम से ही शुरू हो गई मेले की रौनक बुधवार शाम से ही मेला मैदान में लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने झूलों और मनोरंजन के कार्यक्रमों का आनंद लिया। बच्चों और युवाओं में अलग-अलग तरह के झूलों को लेकर खास उत्साह नजर आया। पानी के अंदर ‘जलपरी’ का अनोखा प्रदर्शन मेले में जलपरी का कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। शीशे के एक खास टैंक में महिलाएं पानी के अंदर जलपरी की तरह तैरती हुई दिखाई देती हैं। इस अनोखे प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जमा हो रहे हैं। कई लोग इस प्रदर्शन को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते भी नजर आए। मौत का कुआं और झूले भी बने आकर्षण मेले में मौत का कुआं भी लोगों को रोमांचित कर रहा है। इसमें मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों के करतब दिखाए जा रहे हैं। वहीं नाव वाले झूले और हवाई झूले बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। खाने-पीने और खरीदारी के लिए भी दुकानें मेला मैदान में मनोरंजन के साथ खाने-पीने और विभिन्न सामान की दुकानें भी लगाई गई हैं। यहां आने वाले लोग झूलों और कार्यक्रमों का आनंद लेने के साथ खान-पान और खरीदारी का भी लुत्फ उठा रहे हैं। शाम होते ही दुकानों और मनोरंजन वाले हिस्सों में लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। आयोजन में स्थानीय लोगों का सहयोग मेले के आयोजन और व्यवस्थाओं में सद्दाम, फिरोज, सोनू, कल्लू सहित अन्य लोगों का सहयोग रहता है। आयोजन से जुड़े लोगों की ओर से मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ को देखते हुए पुलिस बल तैनात मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर मेला स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। बुधवार रात बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से मेला मैदान देर रात तक गुलजार रहा। आने वाले दिनों में भी मेले में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।