डीग जिले में पंचायतीराज चुनाव में सरपंच पद के दावेदार के पक्ष में मतदान करने की बात को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों ने एक- दूसरे पर डंडों से हमला कर दिया। झगड़े में एक पक्ष से 2 युवकों के सिर फूट गए। जबकि 4 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। फिलहाल घायलों का कुम्हेर के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। घटना जिले के कुम्हेर थाना इलाके के साबोरा गांव में रविवार दोपहर की है। पुलिस के अनुसार, डीग में तीसरे और चौथे फेज में सरपंच पद के चुनाव होने हैं। इनमें गांव से जुड़ी पंचायत समिति से बाबू भी सरपंच पद के लिए दावेदारी जता रहा है, जिसके समर्थक गांव में लोगों से पक्ष में वोटिंग करने की मांग कर रहे हैं। इसी पर विवाद हो गया। बाबू के पक्ष के वोट डालने का बना रहे थे दबाव गोपाल ने बताया- गांव में सरपंच पद के चुनाव होने हैं। गांव के ही रंजीत और वीर सिंह अपने पक्ष में वोट डालने को लेकर दबाव बना रहे थे। 3 दिन पहले भी बाबू के पक्ष में वोट डालने को कहा था। इस बात पर हमारी रंजीत और उसके समर्थकों से कहासुनी भी हुई थी। हमनें शनिवार को कुम्हेर पुलिस में शिकायत भी दी थी। आज(रविवार) फिर से रंजीत और वीर सिंह ने बाबू के लिए वोट डालने के लिए दबाव बनाया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जानकारी के अनुसार, कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर लाठी- डंडों से हमला कर दिया। 2 युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई, हॉस्पिटल में दी सीपीआर घटना में गोपाल के बेटे गौरव और भतीजे सचिन के सिर फूट गए। साथ ही परिवार के 4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों का कुम्हेर के सरकारी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। दोनों पक्षों ने एक- दूसरे के खिलाफ कुम्हेर थाने में क्रॉस शिकायत दी है। कुम्हेर थानाधिकारी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि गोपाल और रंजीत पक्ष ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी हैं। दोनों की FIR दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पंचायतीराज चुनाव से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… कौन कर रहा है आपके गांव में सरपंच की दावेदारी:पहली बार भास्कर एप पर वो बड़े चेहरे जो मैदान में डटे, पढ़ें- पूरी लिस्ट राजस्थान के पंचायत चुनाव में किस गांव से कौन सरपंच बनेगा? कहां कितने दावेदार हैं? दैनिक भास्कर न्यूज एप पहली बार एक-एक गांव के दावेदारों के नाम लेकर आया है। इसके लिए हमारी टीम राजस्थान के गांव-गांव ढाणी-ढाणी पहुंची। पूरी खबर पढ़िए