राजस्थान में पंचायत चुनावों की घोषणा हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग 4 चरणों में चुनाव संपन्न कराएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के पहले चरण के तहत 23 अक्टूबर, दूसरे चरण में 29 अक्टूबर, तीसरे चरण में 4 नवंबर, चौथे चरण में 14 नवंबर को वोटिंग होगी। 20 नवंबर को परिणाम आएंगे। इसी प्रकार सरपंचों के चुनाव भी 4 चरणों में होंगे। पहले चरण में 25 अक्टूबर, दूसरे चरण में 31 अक्टूबर, तीसरे चरण में 6 नवंबर और चौथे चरण में 16 नवंबर को वोटिंग होगी। वोटिंग के दिन ही देर रात तक नतीजे घोषित होंगे। डीग जिले की कामां, पहाड़ी, बृजनगर में तृतीय चरण में 6 नवंबर और डीग व कुम्हेर में चौथे चरण में 16 नवंबर को सरपंच और पंच के चुनाव होंगे। जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव तीसरे चरण में 4 नवंबर और चौथे चरण में 14 नवंबर को चुनाव होंगे। राजस्थान के इतिहास में पहली बार पंचायत चुनाव एक साथ हो रहे हैं। राज्य सरकार ने एक देश-एक चुनाव की तर्ज पर एक प्रदेश-एक चुनाव कराने की घोषणा की थी। सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव बैलेट से होंगे। पंचायत समिति मेंबर और जिला परिषद मेंबर के चुनाव ईवीएम से होंगे। महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण है। पंचायतीराज चुनाव में 51.82% पुरुष और 48.18% महिला वोटर हैं।