डीग जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथवाड़ा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देसी बंदूक (12 बोर), दो अवैध देसी कट्टे (315 बोर), एक अधबनी अवैध देसी बंदूक (315 बोर) और कुल 72 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इनमें 12 बोर के 50 और 315 बोर के 22 कारतूस शामिल हैं। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कैथवाड़ा थाना पुलिस और डीएसटी डीग की टीम को मुखबिर से अवैध हथियारों के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की घेराबंदी की और दो लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद हुए। घोघोर गांव के रहने वाले हैं दोनों आरोपी पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफरीदी (28), पुत्र फकरू, जाति मेव और इलियास (60), पुत्र समी खां, जाति मेव, दोनों निवासी घोघोर, थाना कैथवाड़ा, जिला डीग के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हथियार कहां से आए, किसे होने थे सप्लाई की जांच पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार आरोपियों तक कहां से पहुंचे और इन्हें जिले में या जिले से बाहर किसे सप्लाई किया जाना था। पूछताछ में हथियारों के निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। अवैध हथियारों के कारोबार पर शिकंजा पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देश पर जिले में अपराधों पर रोक लगाने और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जिले में अवैध हथियारों के कारोबार को पूरी तरह खत्म करना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी दिशा में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।