डीग पुलिस ने ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत 14 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये ठग सेक्सटॉर्शन, होटल बुकिंग और सस्ती भैंसों के नाम पर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल फोन, दो फर्जी सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी सोशल मीडिया और मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर लोगों को झांसे में लेते थे। वे लग्जरी होटलों में सस्ते कमरे, अच्छी नस्ल की भैंसें कम दाम पर दिलाने का लालच देते थे। साथ ही, परिचित बनकर या पुलिस अधिकारी बनकर भी लोगों को डराकर पैसे ऐंठते थे। कामां पुलिस और डीएसटी डीग की टीम ने मिलकर 12 आरोपियों को पकड़ा। इनमें सबलाना के जहीर, मोईन, रोहिन, रिजवान, जाहिद खान, वसीम अकरम और ढाणा के तामिर हुसैन, असपाक, सोहिल, रोबिन, कादिल, परवेज शामिल हैं। डीग थाना, साइबर सेल और डीएसटी की दूसरी कार्रवाई इसी अभियान के तहत पुलिस थाना डीग, साइबर सेल एवं डीएसटी डीग की संयुक्त टीम ने दूसरी कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिदावली निवासी रामअवतार (20) और दीपक (19) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ साइबर ठगी से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जा रही है। साइबर ठगी के नेटवर्क पर पुलिस की नजर पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन काउंटडाउन के तहत जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ करना और ठगी में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन, सिम कार्ड, वाहनों सहित अन्य संसाधनों को जब्त करना है। पुलिस टीम अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान साइबर ठगी के नेटवर्क, उनके संपर्कों, ठगी के तरीकों और अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।