डीग जिले में साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ के तहत गोपालगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 12 फर्जी सिम कार्ड, 11 एटीएम कार्ड और 14 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो, क्रेटा और बोलेरो तीन गाड़ियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सेक्सटॉर्शन और सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में ऑनलाइन खिलौने बेचने का झांसा देकर लोगों से साइबर ठगी करते थे। खिलौनों की होम डिलीवरी के नाम पर ग्राहकों से ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था। इसके साथ ही सेक्सटॉर्शन के जरिए लोगों को डराकर और दबाव बनाकर रकम ऐंठने का प्रयास किया जाता था। सोशल मीडिया पर सस्ते खिलौनों का देते थे झांसा पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सस्ते दामों में खिलौने उपलब्ध कराने का झांसा देकर लोगों को आकर्षित करते थे। ग्राहक के संपर्क में आने के बाद उनसे ऑनलाइन भुगतान या होम डिलीवरी के नाम पर रकम ली जाती थी। इसके बाद आरोपी अपने तरीके से ठगी को अंजाम देते थे। आरोपी सेक्सटॉर्शन के जरिए भी लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को इस तरह से ठगी का शिकार बनाया है। 17 मोबाइल और 12 सिम से खुलेगा नेटवर्क का राज एसपी डीग कांबले शरण गोपीनाथ आईपीएस के निर्देश पर जिले में साइबर ठगों के खिलाफ विशेष अभियान ‘ऑपरेशन काउंटडाउन’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमें साइबर ठगी में शामिल आरोपियों के साथ-साथ फर्जी सिम और बैंक खातों का इंतजाम करने वाले लोगों तथा ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में गोपालगढ़ थाना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाकर कार्रवाई की और 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस को मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और नकदी मिली। पुलिस बरामद 17 मोबाइल और 12 सिम कार्ड की जांच कर रही है। इनके कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित जानकारी खंगाली जा रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनका इस्तेमाल किन लोगों को ठगी का शिकार बनाने में किया गया और साइबर ठगी का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। ठगी में इस्तेमाल तीन गाड़ियां जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो, क्रेटा और बोलेरो तीन वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस इन वाहनों के इस्तेमाल और स्वामित्व से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। ये आरोपी हुए गिरफ्तार गोपालगढ़ थाना पुलिस ने इरफान (23) पुत्र नसरूदीन निवासी चन्दूपुरा, असलम (28) पुत्र नसरूदीन निवासी चन्दूपुरा, रूकदीन उर्फ रूक्की (36) पुत्र कमरूदीन निवासी रायबका, जुरसेद (22) पुत्र लालमौहम्मद निवासी रायबका, आशिक उर्फ आशिफ (21) पुत्र लालमौहम्मद निवासी रायबका, अन्सार (23) पुत्र समसू निवासी रायबका, निसार (21) पुत्र फैसल निवासी रायबका, मुस्तकीम (21) पुत्र अरसद निवासी रायबका, नासिर (28) पुत्र साहुन निवासी रायबका, रोबिन (20) पुत्र मुनसेद निवासी रायबका और जाविद (28) पुत्र हनीफ निवासी रायबका को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी थाना गोपालगढ़ क्षेत्र के गांवों के रहने वाले बताए गए हैं। पूछताछ में और खुलासे की उम्मीद पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ और बरामद डिजिटल सामग्री की जांच के आधार पर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, फर्जी सिम और बैंक खातों की व्यवस्था करने वालों तथा ठगी के तरीके के संबंध में और खुलासे होने की संभावना है।