डीग। गांव इकलेरा में फायरिंग कर हत्या करने के मामले में डीग पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनहरी पुत्र भगवान सिंह (55) को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर देसी कट्टे से तीन राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके बाएं पैर के घुटने में लगी। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को डीग अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद भरतपुर रेफर कर दिया गया। 14 सितंबर को पुरानी रंजिश में हुई थी फायरिंग पुलिस ने बताया कि 14 सितंबर 2026 की शाम इकलेरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान सुनहरी के गुट ने अवैध हथियार से फायरिंग की। फायरिंग में विजय सिंह उर्फ विज्जो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर केस दर्ज घटना के बाद मृतक के बेटे प्रधान सिंह की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली डीग में केस नंबर 252/2026 दर्ज किया गया था। मामले में शामिल आरोपी गोविंद पुत्र हरफूल गुर्जर को पुलिस 17 सितंबर को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी सुनहरी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। श्रीपुर मोड़ के पास पुलिस ने घेरा डीग के पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. (IPS) के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को सुनहरी के बारे में जानकारी मिली। सूचना के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस और QRT की टीम ने श्रीपुर मोड़ से पहले आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस पर तीन राउंड फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान सुनहरी ने पुलिस टीम पर देसी कट्टे से तीन राउंड फायर किए। पुलिस टीम ने अपना बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली आरोपी के बाएं पैर के घुटने में लगी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। देसी कट्टा और कारतूस बरामद मुठभेड़ के बाद घायल सुनहरी को तत्काल डीग अस्पताल पहुंचाया गया। वहां शुरुआती उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे भरतपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं। सुनहरी थाना कोतवाली डीग का हिस्ट्रीशीटर भी बताया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।