डीग जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत डीग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। गोपालगढ़ थाना पुलिस ने अवैध खनन सामग्री से भरे एक हाइवा डंपर को जब्त किया और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वाहन से अवैध खनन सामग्री भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गोपालगढ़ थाना पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई पापड़ा चौराहे पर की। पुलिस टीम गश्त कर रही थी, तभी पापड़ा चौराहे पर पहुंची। इसी दौरान तहरौला की तरफ से एक हाइवा डंपर आता दिखा। पुलिस ने वाहन को रोका और जांच की तो उसमें खनन सामग्री भरी हुई थी। वाहन ओवरलोड भी था। पुलिस ने डंपर ड्राइवर से खनन सामग्री से जुड़े बिल, टीपी, रवन्ना और परमिशन के दस्तावेज मांगे। जांच में ड्राइवर के पास इनमें से कोई भी दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने अवैध खनन सामग्री से भरे हाइवा डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस ने मौके से ड्राइवर लक्ष्मण (37) पुत्र शिब्बी निवासी बाढ़, थाना कैथवाड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में गोपालगढ़ थाना अधिकारी रामनरेश मीणा, उप निरीक्षक योगेश कुमार, कॉन्स्टेबल रविंद्र, रिक्कू और कॉन्स्टेबल ड्राइवर जवाहर सिंह शामिल थे।