भास्कर न्यूज | राजसमंद राउमावि जीतावास के शिक्षक हरीश विजयवर्गीय पर लगे छेड़छाड़ के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने कलेक्टर और सीडीईओ को ज्ञापन सौंपा। जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्रसिंह चारण ने बताया कि संगठन को आशंका है कि घटना साजिश के तहत योजना बनाकर करवाई गई। संगठन ने शिक्षक के निलंबन और एपीओ की कार्रवाई को जल्दबाजी में लिया गया निर्णय बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की। महासंघ का कहना है कि मामले में ग्रामवासियों के एक समूह की भूमिका सामने आने से यह स्थानीय वर्चस्व की लड़ाई भी हो सकती है। संगठन के अनुसार, जिस परिवार की बालिका से घटना जुड़ी होने की बात कही जा रही है, वह ऐसी किसी घटना से इनकार कर रहा है और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में नहीं है। महासंघ ने दूसरी बालिका को आगे कर साजिश रचे जाने की आशंका जताई। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने और दोषी पाए जाने पर ही कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने के दौरान जिलाध्यक्ष शंकर माली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।