प्रतापगढ़ | टीएसपी में होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं से न्यूनतम उत्तीर्णांक प्रतिशत की बाध्यता समाप्त करने और मेरिट आधारित भर्ती लागू करने को लेकर विरोध दर्ज कराया गया है। इस संबंध में अनुसूचित क्षेत्र आरक्षण मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। मोर्चा का कहना है कि पांचवीं अनुसूची के तहत अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए यह बाध्यता संवैधानिक प्रावधानों के विपरीत है। प्राथमिक शिक्षा में स्थानीय भाषा (भीली) और बुनियादी संसाधनों की कमी के कारण इस क्षेत्र के अभ्यर्थी नुकसान झेल रहे हैं। संगठन ने 2018 से 2023 तक शिक्षक भर्ती के खाली पदों को बैकलॉग के रूप में भरने, 1167 पदों पर लंबित प्रक्रिया पूरी करने और प्राथमिक शिक्षक भर्ती 2025 में टीएसपी क्षेत्र के पद बढ़ाने की मांग रखी है। ज्ञापन में मांगें न मानने पर उच्च या सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर करने की चेतावनी भी दी गई है।