अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान स्कूल शिक्षा ने राज्य में घोषित पंचायत चुनाव को देखते हुए राजकीय स्कूलों में प्रस्तावित अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव की मांग की है। महासंघ के जिला प्रवक्ता राजेन्द्र दीवान ने बताया कि महासंघ के महामंत्री महेन्द्र कुमार लखारा ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा है। इसमें 15 से 29 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं स्थगित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में 16 से 29 नवम्बर 2026 तक परीक्षा कराने के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी करने का आग्रह किया गया है। महासंघ के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार मीना ने बताया कि ज्ञापन में बताया गया है कि अक्टूबर माह में राज्य में पंचायत आम चुनाव कार्यक्रम घोषित हुआ है। निर्वाचन से जुड़े काम भी तय किए गए हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में शिक्षक और अन्य कार्मिकों की चुनाव ड्यूटी लग सकती है। इससे स्कूलों में नियमित पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं का सुचारू संचालन भी प्रभावित हो सकता है। वीक्षण व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन में दिक्कत आ सकती है। महासंघ ने छात्र हित, परीक्षा की निष्पक्षता, सुचारू संचालन को प्राथमिकता बताते हुए परीक्षा अवधि में बदलाव को जरूरी बताया है।