बारां के देवरी कस्बे के भोयल रोड पर जानकीलाल जी राठौर बूढ़ा नोनेरा वालों की मोटर पार्ट्स की दुकान में मंगलवार शाम अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुकान से अचानक धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। साथ ही दमकल विभाग को भी जानकारी दी गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि सही कारणों का पता जांच के बाद ही चलेगा। इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सारा सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।