फूलियाकलां उपखंड के धनोप ग्राम पंचायत में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम हुआ। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग शाहपुरा ने विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आयोजित किया। आंगनबाड़ी केंद्र संख्या एक पर कई गतिविधियां हुईं। केंद्र परिसर को रंगोली और बांदरवाल से सजाया गया था। यहां प्रवेशोत्सव और गोद भराई जैसे कार्यक्रम भी हुए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र और तुलसी के पौधे भेंट किए गए। इस मौके पर धनोप उप स्वास्थ्य केंद्र के सीएचओ राजेंद्र शर्मा, एएनएम पूजा गुर्जर, पोस्ट मास्टर चंद्रप्रकाश पाराशर और संवाददाता राजेश शर्मा मौजूद थे। इनके साथ कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा सहयोगिनी और लाभार्थी महिलाएं भी शामिल हुईं।