धरियावद में नए उपजिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने के बाद सोमवार को विधायक थावरचंद डामोर ने अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने चिकित्सा प्रभारी डॉ. जितेंद्र बागड़िया के साथ अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। विधायक ने अस्पताल में पार्किंग, ओपीडी, दवा वितरण केंद्र, जांच केंद्र, एक्स-रे और महिला-शिशु वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। विधायक ने चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ को निर्देश दिए कि नए अस्पताल में सेवाओं की शिफ्टिंग के दौरान मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया। गार्डन और सड़क के काम के लिए स्वीकृति की बात डामोर ने मरीजों और परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में बैठक व्यवस्था, गार्डन और मुख्य द्वार से पूरे परिसर तक सीसी रोड व इंटरलॉकिंग कार्य करवाने की बात कही। उन्होंने इन कार्यों के लिए विधायक मद से स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया। पुराने अस्पताल में सिटी डिस्पेंसरी शुरू करने की मांग विधायक ने पुराने अस्पताल भवन में सिटी डिस्पेंसरी सेवा दोबारा शुरू करवाने को लेकर अधिकारियों और जिला कलेक्टर से चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर भी जल्द सेवा शुरू करने की मांग की है। डामोर ने कहा कि शहर के बीच प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध रहना जरूरी है। इससे लोगों को छोटी-मोटी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए नए उपजिला चिकित्सालय तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।