राजसमंद में खमनोर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत धांयला के गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। सफाईकर्मी ने आरोप लगाया कि करीब 10 साल से सफाई, कचरा संग्रहण, ट्रैक्टर-वाहन भाड़े और लेबर का भुगतान अटका है। 2.32 लाख रुपए का भुगतान नहीं मिलने से परेशान हैं। प्रदर्शन के दौरान सचिव ने फोन पर दो दिन में भुगतान कराने का आश्वासन दिया। सफाईकर्मी चुन्नीलाल ने बताया कि वह पिछले 8 से 10 वर्षों से पंचायत में सफाई का काम कर रहे हैं। ट्रैक्टर-वाहन भाड़ा, कचरा संग्रहण और लेबर भुगतान सहित कुल 2 लाख 32 हजार 829 रुपए पंचायत की ओर बकाया हैं। बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया। बैंक लोन चुकता नहीं होने मकान नीलामी की नौबत चुन्नीलाल ने बताया - भुगतान नहीं मिलने से बैंक लोक की किश्तें नहीं भर पा रहे हैं। मकान की नीलामी का नोटिस भी चस्पा किया जा चुका है। उनकी पत्नी 60 प्रतिशत जली हुई हैं और काम करने में असमर्थ हैं। घर में दो छोटी बेटियां हैं। आर्थिक संकट से परेशान चुन्नीलाल ने जल्द भुगतान नहीं होने पर आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी दी और इसकी जिम्मेदारी पंचायत प्रशासन की होने की बात कही। चुन्नीलाल ने आरोप लगाया कि सरपंच और सचिव लगातार ‘कल-परसों भुगतान हो जाएगा’ का आश्वासन देते रहे, लेकिन महीनों बाद भी भुगतान नहीं हुआ। अब आचार संहिता का हवाला देकर भुगतान रोका जा रहा है। सचिव ने दो दिन में भुगतान का आश्वासन दिया प्रदर्शन के दौरान सचिव ने फोन पर दो दिन में भुगतान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी ग्रामीणों और युवाओं ने तत्काल बकाया भुगतान की मांग करते हुए सफाईकर्मी के समर्थन में प्रदर्शन किया। आश्वासन के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हुआ।