धौलपुर के जारगा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-4 पर रविवार को आंगन मिलन समारोह हुआ। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत हुए इस कार्यक्रम में बच्चों, माताओं और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण व महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत जारगा के समाजसेवी अटल बिहारी गोयल अतिथि थे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं व बच्चों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है, जिससे वे लाभ लेने को प्रेरित होते हैं। उन्होंने माताओं से अपने अनुभव साझा करने की अपील की। समारोह में अटल बिहारी गोयल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अम्बिका शर्मा, सहयोगिनी और सहायिका सुशीला शर्मा का माल्यार्पण कर सम्मान किया। कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ग्रामीणों ने इन जागरूकता कार्यक्रमों को उपयोगी बताया।