धौलपुर के मनियां क्षेत्र के गडाईच गांव के 14 साल के सौरभ कुशवाह ने बहादुरी दिखाई है। अप्रैल 2026 में पार्वती नदी में नहाते समय 8 बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे थे। सौरभ ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। उसने एक-एक कर पांच बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी जान बचाई। हालांकि, उसकी बहन सोनम सहित 3 बच्चों को नहीं बचाया जा सका। सौरभ घटना के समय नदी किनारे अपनी भैंसें चरा रहा था। सौरभ की बहादुरी के लिए भाजपा नेता नागवेन्द्र सिंह ने उसे सम्मानित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने वीडियो कॉल पर सौरभ से बात की। मंत्री शेखावत ने सौरभ के साहस की तारीफ की। उन्होंने 5 बच्चों की जिंदगी बचाने को मानवता की मिसाल बताया और हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।