धौलपुर सदर थाना पुलिस ने नहर निर्माण कार्य से बिजली सप्लाई के लिए लगी कॉपर केबल चोरी का मामला 12 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा और चोरी की केबल भी बरामद कर ली। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। प्रेमप्रकाश ने 30 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी धौलपुर में नहर बना रही है। डोंगरपुर गांव के पंप हाउस डिग्गी नंबर-52 पर 180 मीटर 12 कोर कॉपर केबल लगी थी, जिसमें से करीब 120 मीटर केबल चोर चुरा ले गए। इसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए थी। एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी सबूतों के आधार पर पंकज लोधा (20) निवासी मरैना को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी की केबल मिली। पुलिस अब उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।