धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र में मछरिया चौराहे पर 25 जून को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कालीचरण उर्फ करण पुत्र कप्तान सिंह, निवासी शेखपुर गुर्जर, को पीपरी चौराहे से पकड़ा। मामले में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश जारी है। बनवारी और सत्येंद्र पर की थी फायरिंग पुलिस के मुताबिक, 25 जून 2026 को मछरिया चौराहे पर बनवारी और सत्येंद्र को रोककर जान से मारने की नीयत से अवैध हथियार से फायरिंग की गई थी। घटना को लेकर दिहौली थाने में केस नंबर 117/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 189(2) और 109(1) के तहत कार्रवाई की गई है। मुख्य आरोपी कुलदीप पहले ही गिरफ्तार जांच के दौरान पुलिस ने फायरिंग के मुख्य आरोपी कुलदीप उर्फ एलेक्स को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद 16 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कालीचरण उर्फ करण को पीपरी चौराहे से पकड़ा गया। पूछताछ और जांच में अपराध साबित होने के बाद उसे नियमों के तहत गिरफ्तार किया गया। पवन समेत तीन आरोपियों की तलाश पुलिस अब वारदात में शामिल पवन, नेपाली उर्फ रमाकांत और रोहित उर्फ टुंडा की तलाश कर रही है। एसपी के निर्देश पर कार्रवाई यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान आईपीएस के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा आरपीएस और वृत्ताधिकारी मनियां खलील अहमद आरपीएस की देखरेख में हुई। कार्रवाई का नेतृत्व दिहौली थानाधिकारी अशोक कुमार उप निरीक्षक ने किया। पुलिस टीम में कांस्टेबल प्रदीप, भरतराम और मनोज शामिल रहे।