धौलपुर जिले में कालतीर लिफ्ट परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 800.04 करोड़ रुपए की मंजूर परियोजना के तहत बरसात के दौरान चंबल नदी में उपलब्ध अतिरिक्त पानी को करीब 180 मीटर की ऊंचाई तक लिफ्ट कर पार्वती और रामसागर बांधों को पूरा भरा जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद 483 गांवों और बाड़ी, बसेड़ी व सरमथुरा के शहरी क्षेत्रों की करीब 6.25 लाख आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। 642.89 करोड़ के काम का आदेश जारी सरमथुरा तहसील के कालतीर गांव में प्रस्तावित इस परियोजना के लिए 800.04 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 642.89 करोड़ रुपए के कार्य का आदेश जारी किया गया। परियोजना का निर्माण कार्य 25 मई 2023 को शुरू हुआ था और वर्तमान में निर्माण कार्य जारी है। 10 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, दो पंप हाउस बनेंगे परियोजना के तहत करीब 10 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन, दो पंप हाउस, एप्रोच चैनल और 132 केवी जीएसएस का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के लिए सर्वे का काम पूरा हो चुका है। चंबल नदी के अतिरिक्त पानी को लिफ्ट कर निर्धारित जलाशयों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक ढांचागत काम किए जा रहे हैं। 9,123 मीटर पाइप पहुंचा, 530 मीटर लाइन बिछी निर्माण की प्रगति के तहत अब तक करीब 9,123 मीटर डक्टाइल आयरन पाइप परियोजना स्थल पर भेजे जा चुके हैं। करीब 600 मीटर पाइपलाइन के लिए खुदाई और 530 मीटर पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है। इसके अलावा पाइपलाइन, पीएस-2 फाउंडेशन तथा आवासीय और गैर-आवासीय भवनों समेत अन्य निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहे हैं। 483 गांवों और तीन शहरों को मिलेगा फायदा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार, परियोजना से 483 गांवों और बाड़ी, बसेड़ी व सरमथुरा के शहरी क्षेत्रों की करीब 6.25 लाख आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे सरमथुरा, बाड़ी, बसेड़ी, सैंपऊ और धौलपुर क्षेत्र में पानी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है। बरसाती पानी का होगा बेहतर इस्तेमाल परियोजना का मुख्य उद्देश्य बरसात के दौरान चंबल नदी में उपलब्ध अतिरिक्त पानी को उपयोग में लाना है। परियोजना पूरी होने के बाद इस पानी को लिफ्ट कर जलाशयों में संग्रहित किया जा सकेगा और जरूरत के अनुसार पेयजल आपूर्ति में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता को लंबे समय तक मजबूत करने में मदद मिलेगी।