धौलपुर के कौलारी थाना क्षेत्र में नाले में बहे 50 साल के कल्ली बघेल का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। कल्ली शनिवार को बरा गांव के पास नाले के तेज बहाव में बह गए थे। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम तीन दिन से उनकी तलाश कर रही थी। कल्ली बरा गांव के रहने वाले थे। शनिवार को नाले में पानी का बहाव बहुत तेज था, उसी में वे बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही कौलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया और तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। नाले में पानी का तेज बहाव होने के कारण टीम को ढूंढने में काफी परेशानी हुई। करीब तीन दिन तक लगातार तलाश के बाद सोमवार को कल्ली का शव घटना स्थल से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची। जरूरी कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। कौलारी थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा ने शव मिलने की पुष्टि की है। पुलिस पोस्टमार्टम सहित आगे की जांच कर रही है।