धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने हथियारों के बल पर घर में घुसकर डकैती करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड तेजभान उर्फ हप्पू (32) को गिरफ्तार किया है। हाथरस (उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी को पुलिस ने 30 सितंबर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को दुर्गा कॉलोनी में सायरा खातून (60) के घर रिश्ते की बात करने के बहाने घुसे गिरोह ने कट्टा दिखाकर महिला और बच्चों को बंधक बनाया था और करीब 1.50 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर, तीन मोबाइल, बैंक पासबुक व अन्य दस्तावेज लूट लिए थे। रिश्ते की बात कहकर घर में दाखिल हुए 28 जुलाई को एक महिला और एक पुरुष ने सायरा खातून के घर पहुंचकर उनके बेटे के रिश्ते की बात कही। बातचीत के बहाने दोनों घर के अंदर चले गए। कुछ देर बाद चार अन्य लोग और एक बच्चा भी वहां पहुंच गए। इसके बाद आरोपियों ने हथियार के बल पर परिवार को काबू में ले लिया। कट्टा दिखाकर महिला-बच्चों को बांधा आरोपियों ने सायरा खातून के सिर पर कट्टा रख दिया और जान से मारने की धमकी दी। महिला और बच्चों को टेप से बांध दिया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद बदमाशों ने घर की तलाशी लेकर नकदी और कीमती सामान समेट लिया। नकदी-जेवर के साथ दस्तावेज भी ले गए वारदात में आरोपी घर से करीब 1.50 लाख रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर, तीन मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। चार आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार पुलिस के अनुसार मामले में बंटी, तेजसिंह, गुड्डू ठाकुर उर्फ निरोत्तम सिंह और रंजीता को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तेजभान उर्फ हप्पू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गिरोह की वारदात में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई मामले में कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक प्रीति चन्द्रा और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर की गई। निहालगंज थाना पुलिस ने आरोपी तेजभान को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।