धौलपुर जिले में गुरुवार को मानसून फिर से सक्रिय हुआ। दो दिन की उमस और गर्मी के बाद शाम को करीब 3 घंटे तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। लगातार बारिश के कारण शहर और ग्रामीण इलाकों के कई निचले क्षेत्रों में जलभराव हो गया। इसके साथ ही जिले में मानसून की निर्धारित बारिश का कोटा 100 प्रतिशत पूरा हो गया है। गुरुवार की बारिश के बाद जिले के प्रमुख जलाशयों में पानी बढ़ गया। पार्वती, रामसागर, उर्मिला और हुसैनपुर बांध पूरी तरह भर गए हैं। बांधों में पर्याप्त पानी पहुंचने से किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। जल संसाधन विभाग जलाशयों के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार निगरानी कर रहा है। चंबल का जलस्तर 123 मीटर तक पहुंचा गुरुवार को जिले में सबसे ज्यादा बारिश धौलपुर शहर में रिकॉर्ड की गई, जहां 56 एमएम बारिश हुई। बाड़ी में 41 एमएम और राजाखेड़ा में 34 एमएम बारिश दर्ज की गई। अचानक हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। सड़कों और गलियों में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। बारिश का असर चंबल नदी के जलस्तर पर भी पड़ा। लगातार पानी बढ़ने से चंबल का जलस्तर करीब 123 मीटर तक पहुंच गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन और जल संसाधन विभाग निगरानी कर रहे हैं। मानसून के आखिरी दौर में हुई इस बारिश से जिले के जलस्रोत भी भर गए हैं। खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से किसानों को फायदा होने की संभावना है। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी बारिश से खुशी है। जिले में मानसून का 100 प्रतिशत बारिश कोटा पूरा होने के बाद अब लोगों की नजर चंबल और बांधों के जलस्तर पर है।