धौलपुर में नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे। इससे पहले शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए रविवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। सीओ सिटी प्रदीप नेहरा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने शहर के मुख्य मार्गों, पुराना शहर और कोटला समेत कई इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर प्रयास सोम और निहालगंज थाना क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर हरभान सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आम लोगों से चुनाव परिणाम आने के बाद भी शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर गलत या विवादित सामग्री शेयर नहीं करने का भी संदेश दिया। पुलिस संवेदनशील इलाकों में निगरानी रख रही है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई है। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और परिणाम को लेकर किसी भी विवाद से बचने की अपील की।