राज्य निर्वाचन आयोग ने शनिवार को पंचायत चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव तीसरे और चौथे चरण में होंगे। जिले की छह पंचायत समितियों की कुल 224 ग्राम पंचायतों में 730 मतदान बूथों पर मतदान कराया जाएगा। चुनाव में जिले के 7 लाख 3 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। तीसरे चरण में 6 नवंबर को धौलपुर, बाड़ी और सैंपऊ पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान होगा। इसमें धौलपुर की 39, बाड़ी की 44 और सैंपऊ की 43 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। वहीं, चौथे चरण में 16 नवंबर को बसेड़ी, सरमथुरा और राजाखेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में चुनाव होंगे। बसेड़ी में 29, सरमथुरा में 24 और राजाखेड़ा में 45 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जाएगा। 8 अक्टूबर को जारी होगी जिला परिषद चुनाव की लोक सूचना जिला परिषद के 29 सदस्यों के चुनाव के लिए 8 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 15 अक्टूबर को नाम वापसी होगी और इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। पंचायत समिति सदस्यों के लिए तीसरे चरण में 19 अक्टूबर और चौथे चरण में 31 अक्टूबर को लोक सूचना जारी होगी। तीसरे चरण में 23 अक्टूबर तथा चौथे चरण में 4 नवंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। तीसरे चरण का मतदान 4 नवंबर और चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। चुनाव परिणाम 20 नवंबर को आएगा। जिला परिषद व पंचायत समिति के लिए ईवीएम से मतदान तीसरे चरण के लिए 3 नवंबर को और चौथे चरण के लिए 13 नवंबर को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए तीसरे चरण में 4 नवंबर और चौथे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा। इन पदों के लिए ईवीएम से मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी। पंच-सरपंच के लिए अलग तारीखों पर मतदान जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनाव के बाद पंच और सरपंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। तीसरे चरण में 5 नवंबर और चौथे चरण में 11 नवंबर को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। तीसरे चरण में 6 नवंबर तथा चौथे चरण में 16 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद संबंधित स्तर पर मतगणना की जाएगी। पंच और सरपंच पदों के लिए बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों में मतगणना के अगले दिन उप सरपंच के चुनाव होंगे।