धौलपुर जिले के कौलारी थाना क्षेत्र में पार्वती नदी में डूबने से एक 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना सखवारा गांव के पास हुई। मृतक की पहचान मनियां के वार्ड नंबर 2 निवासी विजय पुत्र हीरालाल कुशवाह के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही कौलारी थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सखवारा चौकी पुलिस के जवानों के साथ राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने नदी में युवक की तलाश के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जांच में जुटी पुलिस एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने काफी प्रयासों के बाद नदी से युवक का शव बाहर निकाला। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक किन परिस्थितियों में नदी में डूबा। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।