धौलपुर में पितरों को तर्पण करने चंबल नदी पर गए पटवारी मोहनलाल गुप्ता (59) पैर फिसलने से डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई। नदी में लगातार खोजबीन जारी है। पटवारी गुप्ता का आज रिटारयमेंट था। जानकारी के मुताबिक, मोहनलाल गुप्ता बुधवार सुबह अपने बेटे चित्रांश गुप्ता के साथ चंबल नदी पर गए थे। बताया जा रहा है कि नदी किनारे उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में गिर गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को खबर दी। इसके बाद पुलिस टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे। मोहनलाल गुप्ता शहर के घंटाघर के पास रहते हैं। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में उनकी तलाश कर रही है। मगरमच्छ द्वारा पानी में खींचे जाने की आशंका मौके पर पहुंचे सीओ सिटी प्रदीप नेहरा ने बताया कि मोहनलाल गुप्ता अपने बेटे चित्रांश और एक दोस्त के साथ चंबल नदी पर तर्पण करने आए थे। तर्पण करने के दौरान ही अचानक उनका पैर फिसल गया। इसी दौरान मगरमच्छ उनको पानी में खींच ले गया। आज था रिटायरमेंट मोहनलाल गुप्ता का आज रिटायरमेंट था। 60 साल की उम्र पूरा होने पर आज ऑफिस में उनकी विदाई थी। विदाई से पहले ही उनके साथ हादसा हो गया। 3 महीने पहले की थी बेटी की शादी मृतक मोहनलाल गुप्ता के एक बेटा चित्रांश और एक बेटी लवी है। करीब 3 महीने पहले ही उन्होंने अपनी बेटी की शादी की थी। जबकि उनका बेटा चित्रांश पोस्ट ऑफिस में संविदाकर्मी के तौर पर काम कर रहा है। पत्नी चलाती ब्यूटी पार्लर मोहनलाल गुप्ता को पूर्व में 2 बार एसीबी ने ट्रैप किया था। जिसके चलते वे सस्पेंड हुए थे। परिवार की आर्थिक हालत को संभालने के लिए इनकी पत्नी ब्यूटी पार्लर चलाती है। सिविल डिफेंस की टीम कर रही रेस्क्यू हादसा सुबह 10 बजकर 5 मिनट पर हुआ। हादसे के तुरंत बाद सागरपाड़ा चौकी पुलिस मौके पहुंची। जहां स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू चलाया गया। जिसके बाद सिविल डिफेंस की टीम मौके पर बुलाई है जो रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।