धौलपुर पुलिस ने महिला-बालिका सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आत्मरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान थाना निहालगंज क्षेत्र में एसपी विकास सांगवान और एएसपी वैभव शर्मा के निर्देश पर हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं और स्टाफ को जागरूक किया गया। थानाधिकारी देवेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के तरीके बताए। उन्होंने अनजान लिंक, OTP, पासवर्ड, निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। डिजिटल अरेस्ट, APK फाइल से सावधान रहने और साइबर अपराध पर तुरंत शिकायत करने को कहा। राजकॉप सिटीजन ऐप का उपयोग भी बताया। छात्राओं को किया जागरूक कालिका यूनिट प्रभारी रीना यादव ने छात्राओं को विपरीत हालात में सजग रहने और पुलिस की मदद लेने को प्रेरित किया। महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजाखेड़ा में बालिकाओं को आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिला। विश्व पर्यावरण स्वास्थ्य दिवस पर थानाधिकारी देवेंद्र शर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण में भाग लेने की अपील की। प्रधानाचार्य मनोज पाराशर और साइबर वालंटियर योगेश शर्मा भी मौजूद रहे।