धौलपुर पुलिस की महिला कालिका यूनिट ने महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के मकसद से एक निजी स्कूल में छात्राओं के लिए कार्यक्रम किया। हेड कांस्टेबल रीना यादव की अगुवाई में टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए। कार्यक्रम में छात्राओं को समझाया गया कि छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी या साइबर उत्पीड़न जैसी किसी भी असुरक्षित स्थिति में तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को बताएं। उन्हें स्कूल, सार्वजनिक जगहों और आते-जाते समय सावधान रहने और अनजान लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। छात्राओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 और दूसरे पुलिस सहायता नंबरों के बारे में भी बताया गया। साइबर सुरक्षा के लिए छात्राओं को बताया गया कि वे अनजान कॉल, मैसेज, वीडियो कॉल और शक वाले लिंक पर विश्वास न करें। उन्हें OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गुप्त जानकारी किसी के साथ शेयर न करने की सलाह दी गई। साथ ही, अनजान ऐप डाउनलोड करने और फालतू मोबाइल अनुमति देने से बचने और सोशल मीडिया की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत बनाने के लिए भी कहा गया। पुलिस टीम ने यह भी बताया कि अगर साइबर ठगी हो जाए, तो तुरंत बैंक या संबंधित संस्था को बताएं और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें। इमरजेंसी में 112 पर संपर्क करने के लिए भी जागरूक किया गया। कालिका टीम ने कहा कि सुरक्षा की पहली सीढ़ी जागरूकता और सतर्कता ही है। स्कूल प्रशासन और छात्राओं ने पुलिस की इस पहल की तारीफ की। कार्यक्रम में स्कूल के सचिव अमित गर्ग, प्रिंसिपल श्वेता गोस्वामी, स्कूल स्टाफ और थाना कोतवाली धौलपुर के सीएलजी सदस्य व साइबर वालंटियर योगेश शर्मा शामिल रहे।