धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र में भागीरथपुरा मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 55 साल के साइकिल सवार सुरेश पुत्र नत्थीलाल की मौत हो गई। वह सब्जी लेकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। विसायती पुरा निवासी सुरेश सब्जी लेने भागीरथपुरा मोड़ आए थे। वापस लौटते समय किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरेश को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।