धौलपुर में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ‘शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार अभियान’ के तहत सोमवार को सैपऊ कस्बे में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई की सूचना से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। चित्रकूट मिष्ठान भंडार समेत कई दुकानों से सैंपल खाद्य सुरक्षा आयुक्त टी. शुभमंगला और जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार के नेतृत्व में टीम ने सैपऊ में कार्रवाई की। टीम ने चित्रकूट मिष्ठान भंडार सहित कई खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। नमूनों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। 21 अगस्त से लगातार चल रहा अभियान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान दूध, मावा, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए जिलेभर में लगातार निरीक्षण और नमूनीकरण किया जा रहा है। 21 अगस्त से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक कई दर्जन मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई विभाग के अनुसार प्रयोगशाला जांच में किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर से गांव तक निगरानी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें जिले के सभी उपखंडों, तहसीलों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी निरीक्षण कर रही हैं। खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। टीम में ये अधिकारी रहे मौजूद कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गौरव परिहार, महावीर सिंह, रविंद्र मीणा और सहायक कर्मचारी किशन सिंह मौजूद रहे। विभाग ने आगामी दिनों में भी मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।