अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (स्कूल शिक्षा), जिला धौलपुर द्वारा 18 सितंबर को आयोजित होने वाले शिक्षक सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। गुरुवार को एक निजी मैरिज होम में जिला टोली और सम्मेलन संयोजकों की बैठक हुई, जिसमें विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। भोजन व्यवस्था के संयोजक राकेश और सहसंयोजक रामकुमार बनाए गए। मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी बृजेश परमार को दी गई। जल व्यवस्था के संयोजक डॉ. बृजभूषण शर्मा और बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी झब्बूलाल एवं जयवीर पूनिया को सौंपी गई। सम्मेलन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी कार्यकर्ताओं को दायित्व दिए गए। जिला टोली ने जिले के सभी शिक्षकों से सम्मेलन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने और अन्य शिक्षक साथियों को भी साथ लाने की अपील की है। शिक्षक सम्मेलन का उद्घाटन 18 सितंबर को सुबह 10:30 बजे हिना मैरिज होम, सैपऊ रोड, धौलपुर में होगा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के सह संगठन मंत्री जयराम जाट मुख्य अतिथि होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भरतपुर विभाग के विभाग संघचालक भागीरथ मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगे। जिला टोली ने शिक्षकों से समय पर सम्मेलन स्थल पर पहुंचकर सक्रिय रूप से भाग लेने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की है।