डीडवाना में चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल परिसर में 'रामाश्रय शिविर' लगाया। यह शिविर वृद्धजन स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ। इसमें 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के बुजुर्गों की जांच कर उन्हें मुफ्त इलाज दिया गया। अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों और मेडिकल टीम ने 80 से ज्यादा बुजुर्गों की सेहत जांची। मरीजों का ब्लड प्रेशर (बीपी) और शुगर जैसी कई जरूरी जांचें की गईं। डॉक्टरों ने बुजुर्गों को उनकी सेहत के हिसाब से सलाह दी और जिन्हें जरूरत थी, उन्हें मौके पर ही मुफ्त दवाएं भी बांटी गईं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इस कार्यक्रम का मकसद बुजुर्गों को आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं देना है। शिविर में उन्हें एक ही जगह जांच, सलाह और दवाएं मिलीं।