डीडवाना में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने 'काला दिवस' मनाया। यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में किया गया। जिलाध्यक्ष और मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधी और नागौर रोड से अंबेडकर सर्किल तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की भी मांग की। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने को कहा। जाकिर हुसैन गैसावत ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया में धांधली की। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर मुद्दा बताया। गैसावत ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं।